कोरबा,24फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के करतला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बागबुड़ा में एक कच्चे मकान के छप्पर पर करीब 15 फीट की ऊंचाई पर एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के सदस्यों की नजर जैसे ही छप्पर पर बैठे अजगर पर पड़ी, वे हैरान रह गए कि आखिर वह इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गया।
परिजनों ने पहले स्वयं अजगर को भगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना जिले की रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचने की बात कही और तब तक घर वालों को सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कुछ समय बाद जितेंद्र सारथी अपने टीम सदस्य भूपेंद्र जगत के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वे 15 फीट ऊंचे छप्पर पर चढ़े और खपरों को सावधानीपूर्वक हटाया। कच्चे मकान की छत पर बैठा लगभग 8 फीट लंबा अजगर बड़ी सतर्कता के साथ नीचे उतारा गया। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित थैले में रखा गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
बाद में अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक आवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था और अब तक के सबसे खतरनाक अभियानों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि जरा सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन परिवार और बेजुबान जीव दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी सूझबूझ और सावधानी के साथ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए उनकी टीम हर खतरे का सामना करने के लिए सदैव तत्पर है।
