Vedant Samachar

वारंट लेकर निकले कॉन्स्टेबल की बस से कुचलकर मौत, सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात…

Vedant Samachar
2 Min Read

बालोद,24फरवरी (वेदांत समाचार)। बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। वारंट तामील करने निकले 35 वर्षीय कॉन्स्टेबल की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, बालोद थाने में पदस्थ आरक्षक ठनेश कुमार समन वारंट लेकर बाइक से निकले थे। ग्राम सिवनी के मुख्य मार्ग पर आगे निकलने की कोशिश के दौरान उनकी बाइक ट्रक और बस के बीच आ गई। संतुलन बिगड़ते ही बाइक बस से टकराई और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।

गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम सहगांव निवासी ठनेश कुमार की नियुक्ति वर्ष 2012 में जिला पुलिस बल में हुई थी। 3 मार्च 2024 को उनका तबादला बालोद थाने में हुआ था। वे परिवार सहित झलमला स्थित पुलिस कॉलोनी में रह रहे थे। हादसे के समय उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।

ठनेश कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके पिता नरोत्तम सिंह बालोद कलेक्टोरेट में प्यून के पद पर कार्यरत हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ओवरटेक करने के दौरान बाइक बस से टकराती है और हादसा हो जाता है।

Share This Article