Vedant Samachar

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,24फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट प्रस्तुत करने से पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री को आगामी बजट के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट इन प्राथमिकताओं को और मजबूती देगा तथा प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में सभी वर्गों—किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्रों—के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे राज्य के विकास को गति मिलेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिपरिषद के सभी मंत्री उपस्थित रहे। वहीं वित्त सचिव मुकेश बंसल भी इस महत्वपूर्ण बैठक में मौजूद थे। बैठक के दौरान आगामी बजट से जुड़े विभिन्न पहलुओं और राज्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा होने की जानकारी मिली है।

राज्य सरकार का यह बजट प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए वित्तीय प्रावधान सुनिश्चित करेगा। अब प्रदेशवासियों की नजरें विधानसभा में पेश होने वाले बजट पर टिकी हुई हैं, जिससे राज्य के विकास और कल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share This Article