दुर्ग,24फरवरी (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले में जमीन बिक्री के नाम पर 13 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को जमीन का मालिक बताकर सौदा तय किया और किश्तों में मोटी रकम ऐंठ ली। जब पीड़ित रजिस्ट्री कराने पहुंचा तो पता चला कि जमीन पहले ही किसी और के नाम दर्ज है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला छावनी थाना क्षेत्र के ग्राम जंजगिरी का है।
पुलिस के मुताबिक, 23 फरवरी को शिकायतकर्ता ने थाने में लिखित शिकायत दी। उसने बताया कि साल 2024 में आरोपी जगजीत उर्फ करण सिंह (32) ने ग्राम जंजगिरी स्थित जमीन को अपनी बताकर बेचने का सौदा किया था। रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाते हुए आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 13 लाख रुपए ले लिए। लेकिन बाद में जानकारी मिली कि जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पंजीकृत है। जिसके बाद आरोपी पैसे नहीं लौटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान दस्तावेजों की जांच, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका स्पष्ट हुई।
नेहरू नगर से आरोपी गिरफ्तार
सोमवार शाम पुलिस ने मंडल टाउन, नेहरू नगर के रहने वाले जगजीत उर्फ करण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से पंजाब नेशनल बैंक के 5 साइन किए हुए चेक बरामद किए हैं। इसके अलावा जमीन की बिक्री से जुड़े कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी पुलिस ने जब्त की है।
जान-पहचान का फायदा उठाया
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि आरोपी ने जान-पहचान का फायदा उठाकर पीड़ित को झांसे में लिया और उसे दूसरे की जमीन को अपना बताकर पैसे ले लिए। आरोपी ने पीड़ित का भरोसा जीतकर रकम हासिल की और पैसे को निजी उपयोग में खर्च कर दी।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह किसी और व्यक्ति को तो शिकार नहीं बनाया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
