जांजगीर-चांपा, 23 फरवरी 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक युवक पर हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को महज चंद घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को ग्राम बनाहिल में विकास केवट की बहन के विवाह कार्यक्रम के दौरान चुलमाटी रस्म में डीजे बज रहा था। इसी दौरान दिलीप केवट वहां रांपा लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए डीजे बंद कराने लगा। विरोध करने पर उसने राकेश केवट के सिर पर रांपा से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद दुर्गेश केवट और साहिल केवट ने भी डंडों से उसकी पिटाई की।
घटना की रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—दिलीप केवट (27 वर्ष), दुर्गेश केवट (26 वर्ष) और साहिल केवट (19 वर्ष), निवासी बनाहिल—को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस पटेल, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक सनोहर जगत एवं अनिल तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
