नई दिल्ली,23फरवरी: नए सप्ताह के पहले ही दिन सोने की कीमतों में मामूली गिरावट देखने को मिली है। आज 23 फरवरी की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने 1,59,420 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 1,59,270 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। हालांकि, बीते एक सप्ताह में 24 कैरेट सोना 1,530 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,400 रुपये तक महंगा हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ है।
आज का ताजा भाव
दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 10 रुपये घटकर 1,59,420 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। 22 कैरेट सोना भी 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,46,140 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं 18 कैरेट सोने का दाम 10 रुपये कम होकर 1,19,600 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। कीमतों में यह गिरावट मामूली है, लेकिन ऊंचे स्तर पर बने रहने से बाजार में सतर्कता बनी हुई है।
मुंबई, चेन्नई और अन्य शहरों का हाल
मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,59,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है, जबकि 22 कैरेट का भाव 1,45,990 रुपये और 18 कैरेट का भाव 1,19,450 रुपये प्रति 10 ग्राम है। चेन्नई में कीमतें थोड़ी अधिक है। यहां 24 कैरेट सोना 1,60,140 रुपये, 22 कैरेट 1,46,790 रुपये और 18 कैरेट 1,25,590 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। पुणे और बेंगलुरु में भी कीमतें लगभग मुंबई के बराबर ही बनी हुई है।
टैरिफ और वैश्विक तनाव का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में टैरिफ को लेकर हालिया घटनाक्रम और मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर सर्राफा बाजार पर पड़ रहा है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा टैरिफ आदेश रद्द किए जाने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयात शुल्क पहले 10% और फिर 15% तक बढ़ा दिया। इन फैसलों से वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है, जिसके चलते निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर सकते हैं।
चांदी में भी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। 23 फरवरी की सुबह चांदी 100 रुपये सस्ती होकर 2,74,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव 80.5 डॉलर प्रति औंस है। हालांकि जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था, लेकिन फिलहाल इसमें नरमी देखी जा रही है।
