Vedant Samachar

5 साल की बच्ची बनी हीरो, मां को बचाने के लिए 200 मीटर दौड़कर लाई पुलिस…

Vedant Samachar
3 Min Read

हरदोई,23फरवरी। 5 साल की बच्ची बनी हीरो, मां को बचाने के लिए 200 मीटर दौड़कर लाई पुलिस उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में संपत्ति विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक महिला पर घर के भीतर हमला कर दिया गया। हालात जानलेवा हो सकते थे, लेकिन 5 साल की मासूम बेटी की सूझबूझ और हिम्मत ने बड़ी अनहोनी टाल दी। घायल होने के बावजूद बच्ची करीब 200 मीटर दौड़कर थाने पहुंची और पुलिस को बुला लाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया और महिला की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार पुरवा निवासी पूजा श्रीवास्तव का अपने दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है। 1 फरवरी को पूजा ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया। शनिवार को जब पूजा अपनी 5 साल की बेटी यशी के साथ घर पहुंची तो कथित तौर पर समझौते का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर पहले मासूम यशी पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद महिला को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा। घर के भीतर चीख-पुकार मच गई।

इसी बीच घायल और डरी हुई यशी ने असाधारण साहस दिखाया। वह सीधे थाने पहुंची और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई। बच्ची की हालत देखकर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और उसके साथ मौके पर पहुंची। वहां महिला पर हमला कर रहे विनोद और उत्कर्ष को पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि बच्ची की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई और आरोपियों को पकड़ लिया गया। फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं।

मासूम यशी की बहादुरी ने एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया और यह घटना साहस और सूझबूझ की मिसाल बन गई है।

Share This Article