Vedant Samachar

सक्ती में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर अहम बैठक, पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

सक्ती, 22 फरवरी 2026। जिला सक्ती में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के प्रमुख सर्राफा व्यापारियों ने भाग लेकर सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को आभूषणों की बिक्री और बड़े लेन-देन के समय विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा के सभी निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हमेशा चालू व सुव्यवस्थित रखने की सलाह दी। साथ ही अलार्म सिस्टम की स्थापना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और दुकान के अंदर-बाहर सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी राशि के लेन-देन के समय अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है।

बैठक में सर्राफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश सराफ, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश सराफ, विनोद अग्रवाल, संदेश सराफ, अमित सराफ सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा एवं थाना प्रभारी सक्ती लखनलाल पटेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए नियमित पेट्रोलिंग, सघन जांच अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। जिला सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सतत कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article