रायगढ़,22फरवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.110 किलोग्राम गांजा और नकदी बरामद की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं और एक व्यक्ति दो बैग में गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जांच के दौरान तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से 7.110 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम तिलाईपाली निवासी सोनी चौहान (35), सीतामणी कोरबा निवासी सुमन यादव (30) और बुढ़नपुर थाना नगरदा जिला सक्ती निवासी वासुदेव साहू (25) बताए। आरोपियों ने बताया कि वे 19 फरवरी को ओडिशा से गांजा लाए थे और रायगढ़ में बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
70 हजार का गांजा और नकदी जब्त
पुलिस ने करीब 70 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। साथ ही वासुदेव साहू और सुमन यादव के पास से 2-2 हजार कैश भी बरामद किए गए। मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। रविवार को तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई
जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ अभियान लगातार जारी है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।
