Vedant Samachar

सशक्त ऐप की मदद से जांजगीर पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद की, कोरबा से जुड़ा था मामला

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,22फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में पुलिस द्वारा स्मार्ट तकनीक के उपयोग से चोरी की एक स्कूटी बरामद करने में सफलता हासिल की गई है। सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान लावारिस हालत में मिली स्कूटी को सशक्त ऐप के माध्यम से ट्रेस कर चोरी का खुलासा किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 की रात सिटी कोतवाली से आरक्षक राजकमल ओगरे और सुरेश रत्नाकर की रात्रि गश्त ड्यूटी लगाई गई थी। गश्त के दौरान नहरिया बाबा मंदिर के पास एक स्कूटी क्रमांक CG13BC 2793 लावारिस हालत में खड़ी मिली। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल सशक्त ऐप के माध्यम से वाहन का विवरण जांचा।

जांच में पता चला कि उक्त स्कूटी के संबंध में थाना सिविल लाइन, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 123/26 दिनांक 12 फरवरी 2026 को चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। पुष्टि होने के बाद स्कूटी को सुरक्षार्थ सिटी कोतवाली थाना लाया गया तथा इसकी सूचना संबंधित थाना सिविल लाइन कोरबा को दे दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग द्वारा विकसित “सशक्त ऐप” काफी उपयोगी साबित हो रहा है। इस ऐप के जरिए चोरी हुए वाहनों की जानकारी अब मात्र एक क्लिक में उपलब्ध हो रही है, जिससे त्वरित कार्रवाई और बरामदगी में आसानी हो रही है।

पुलिस ने बताया कि सशक्त ऐप चोरी किए गए वाहनों की तलाश में अत्यंत उपयोगी है। इसके माध्यम से दर्ज शिकायतों की स्थिति भी तुरंत देखी जा सकती है। जिले में स्मार्ट तकनीक के इस्तेमाल से अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article