Vedant Samachar

झारसुगुड़ा में NH-49 पर भीषण सड़क हादसा, पेट्रोलिंग वाहन से ट्रेलर की टक्कर में 5 पुलिसकर्मियों की मौत, 3 गंभीर

Vedant Samachar
2 Min Read

झारसुगुड़ा (ओडिशा),22फरवरी (वेदांत समाचार)। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक दुर्घटना सदर थाना क्षेत्र के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पेट्रोलिंग वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर ही पांच पुलिसकर्मियों ने दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने पांच जवानों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही की जताई जा रही है। ट्रेलर चालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।को झकझोर कर रख दिया है।

Share This Article