खरोरा,22फरवरी (वेदांत समाचार)। खरोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 99 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9,900 रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना खरोरा क्षेत्र के ग्राम केवराडीह में की गई।
पहले मामले में, पुलिस ने संतोष कोसले (42), निवासी ग्राम केवराडीह, वार्ड क्रमांक 13 को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक काले-पीले प्लास्टिक बोरे में रखी 41 पौवा ‘सवा शेरा’ कंपनी की देशी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 7 लीटर 380 मिलीलीटर है, जिसकी कीमत 4,100 रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में, पुलिस ने घासीदास गेन्ड्रे (48) और गौकरण बंजारे (45), दोनों निवासी ग्राम केवराडीह को गिरफ्तार किया। इनके संयुक्त कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरे में 58 पौवा ‘सवा शेरा’ कंपनी की देशी मसाला शराब जब्त की गई। इस शराब की कुल मात्रा 10 लीटर 440 मिलीलीटर है और इसकी कीमत 5,800 रुपए बताई गई है। इन दोनों आरोपियों पर भी धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस को 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम केवराडीह में अवैध शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद, थाना खरोरा पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान, आरोपियों से शराब रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में और अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी और बाद में न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
