Vedant Samachar

CG BREAKING : जंगल में जंगली सूअर के लिए लगाए गए करंट तार की चपेट में आने से युवक की मौत, आरोपियों पर मामला दर्ज

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत छाता जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने के उद्देश्य से लगाए गए बिजली करंट तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बलौदा पुलिस को 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि दरमियानी रात छाता जंगल क्षेत्र में जंगली सूअर को मारने के लिए बिजली करंट प्रवाहित तार फंसाया गया था। इसी दौरान खिसोरा निवासी अनिल कुमार लहरें उक्त करंट तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अवैध रूप से जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली करंट का उपयोग किया था। यह कृत्य न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों का उल्लंघन है, बल्कि आमजन के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। करंट प्रवाहित तार खुले क्षेत्र में लगाए जाने से किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है, जैसा कि इस मामले में हुआ।

पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना बलौदा स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जंगली जीवों को नुकसान पहुंचाने या अवैध शिकार जैसी गतिविधियों से दूर रहें। इस प्रकार के कृत्य न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि इससे पर्यावरण संतुलन और मानव जीवन दोनों पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।

Share This Article