रायपुर ,20 फरवरी(वेदांत समाचार) । सामाजिक संस्था सुधा सोसाइटी फाउंडेशन, जालाराम अपार्टमेंट, अमासेओनी द्वारा 20 फरवरी को “विश्व सामाजिक न्याय दिवस” मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञानेंद्र मोहन खरे (वरिष्ठ अधिकारी, निजी कंपनी), सामाजिक कार्यकर्ता मिसेज स्निग्धा खरे, मिसेज सुनीता चौधरी, अनिता जैन, मिसेज दीपाली बाजपेई तथा युवा उद्यमी मिसेज प्रेरणा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के चेयरमैन जीके भटनागर ने किया। प्रारंभ में चेयरमैन गोपाल कृष्ण भटनागर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा अतिथियों को पॉटेड प्लांट भेंट कर सम्मानित किया गया।
चेयरमैन भटनागर ने बताया कि विश्व सामाजिक न्याय दिवस हर वर्ष 20 फरवरी को सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इसका लक्ष्य गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक बहिष्कार जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना तथा न्यायपूर्ण और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में सुधा ओपन स्कूल, अमासेओनी के बच्चों ने बाल श्रम और शिक्षा के अधिकार जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। बच्चों ने सामाजिक न्याय से जुड़े नारों वाले पोस्टर और कार्ड प्रदर्शित कर संदेश दिया।
डॉ. एमजी नायडू ने स्वेच्छा से सांस्कृतिक कार्यक्रम और नारा लेखन में भाग लेने वाले बच्चों के लिए उपहार प्रायोजित किए। स्वयंसेवक मिसेज भारती मारावी और मिस खुशी यादव को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीतों और राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद बच्चों को जलपान कराया गया। अंत में जीके भटनागर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अतिथियों ने संस्था के सामाजिक सरोकारों और उद्देश्यों की सराहना की।
