Vedant Samachar

Accident News : बोर्ड एग्जाम देने जा रहे छात्र टक्कर के बाद 12 फीट उछले इधर अज्ञात वाहन ने कुचला…

Vedant Samachar
4 Min Read

सरगुजा ,20 फरवरी(वेदांत समाचार)। सरगुजा में शुक्रवार को 12वीं की परीक्षा देने जा रहे 2 छात्र सड़क हादसे का शिकार हो गए। सड़क किनारे डाली गई गिट्टी पर बाइक फिसल गई और अनियंत्रित होकर सामने चल रही एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब 12 फुट ऊपर उछल गई और दोनों छात्र कई 20-25 फीट सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है।

वहीं, महासमुंद जिले में गुरुवार रात सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से बाइक सवार टकराकर गिर पड़े। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को कुचल दिया। कुचले जाने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। मामला बसना थाना क्षेत्र का है। पहली घटना सरगुजा के बतौली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शांतिपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले झेराडीह के रहने वाला अनिकेश तिवारी (18) और बैलकोटा के रहने वाले निष्क एक्का (18) बाइक से बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे।

सुबह करीब 9 बजे वे कुनकुरी के पास पहुंचे तो सड़क निर्माण के लिए किनारे डाली गई गिट्टी पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में चल रही बाइक सामने जा रहे एक अन्य बाइक सवार से टकराई और उछलते हुए एक कार के ऊपर से निकलकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान निष्क की मौत हो गई। अनिकेश तिवारी को नाजुक हालत में अंबिकापुर रेफर किया गया है। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी।

वह बाइक लेकर बैलकोटा पहुंचा और निष्क को बैठाकर स्कूल के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि निष्क पहली बार अनिकेश के साथ बाइक से गया था। इससे पहले वह बस से ही शांतिपारा स्कूल आता-जाता था। आज से 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक केंद्र में पहुंचने के निर्देश थे। देर हो रही थी, इसलिए बाइक तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। दूसरी घटना महासमुंद के बसना थाना क्षेत्र की है। दरअसल, गुरुवार शाम ग्राम गौरटेक के रहने वाला परमानंद भोई (60) अपने रिश्तेदार उपेश नाग (34) के साथ लिमगांव से घरेलू काम निपटाकर वापस लौट रहा था। उपेश नाग बाइक (CG 04 HV 3929) चला रहा था।

शाम करीब 7 बजे वे नेशनल हाईवे 53 पर छुईपाली टोल प्लाजा के आगे तिवारी ढाबा के पास पहुंचे। सड़क पर बिना नंबर और संकेतक के एक ट्रैक्टर खड़ा था, जिसका ड्राइर मौके पर मौजूद नहीं था। बाइक चला रहे उपेश नाग को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई।

शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हुए

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन इतनी तेज रफ्तार थी कि कुचले जाने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर बसना पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।

Share This Article