Vedant Samachar

वरिष्ठ पत्रकार श्रवण साहू का आकस्मिक निधन, शहर में शोक की लहर

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। शहर के वरिष्ठ पत्रकार एवं कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य श्रवण साहू (64 वर्ष) का गुरुवार 19 फरवरी की दोपहर आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि श्री साहू पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उपचार के दौरान गुरुवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से न केवल पत्रकारिता क्षेत्र बल्कि सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है। वे अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे।

श्रवण साहू लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए थे और शहर के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे। उनके निधन को पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। इन्होंने विभिन्न अखबार एवं लोकल न्यूज चैनलों के अलावा भी इंग्लिश अखबार द हितवाद में भी अपनी सेवाएं दी है।

उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार 20 फरवरी की सुबह पथर्रीपारा, कोरबा स्थित उनके निवास (गणेश चौक के पास) से निकलेगी और ढेंगुरनाला स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे अपने पीछे पत्नी, पुत्र-पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

श्रवण साहू के निधन पर कोरबा प्रेस क्लब ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Share This Article