Vedant Samachar

क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों का हमला: अंपायर की मौत, कई खिलाड़ी घायल…

Vedant Samachar
2 Min Read

उन्नाव,19 फरवरी । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें 65 वर्षीय अंपायर मणिक गुप्ता की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 खिलाड़ी घायल हो गए। यह घटना बुधवार शाम शुक्लागंज क्षेत्र के सप्रीू मैदान में हुई।

पुलिस के मुताबिक, कानपुर निवासी मणिक गुप्ता मैच में अंपायरिंग कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों पर टूट पड़ा। हमले के बाद मैदान में अफरातफरी मच गई और खिलाड़ी व दर्शक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों के डंक से मणिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें पहले शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि एक अन्य अंपायर और करीब 15-20 खिलाड़ियों को भी मधुमक्खियों ने डंक मारा, जिनका इलाज कराया गया।

क्रिकेट संघ ने जताया शोक
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. एन. सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘उन्नाव में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में अंपायर मणिक गुप्ता का निधन हो गया। जब उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब भी मधुमक्खियां उनके चेहरे और शरीर से चिपकी हुई थीं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘संघ इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है।’

जांच और सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मैदान के आसपास मधुमक्खियों का छत्ता होने की संभावना जताई जा रही है। इस दुखद हादसे ने खेल आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article