Vedant Samachar

रायगढ़ में ट्रक से बैटरी चोरी का खुलासा, जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में खड़े एक ट्रक से बैटरी चोरी की घटना का जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक से चोरी की गई दो बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले के अनुसार प्रार्थी आनंद अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी बैकुंठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़, ने 17 फरवरी 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं। उनके ट्रक क्रमांक CG-04-DF-8511 का चालक 15 फरवरी की शाम वाहन को मिशनरी ऑफ चैरिटी, छातामुड़ा रोड के सामने खड़ा कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह चालक जब ट्रक के पास पहुंचा तो बैटरी बॉक्स टूटा मिला और उसमें लगी दो बैटरियां गायब थीं। अपने स्तर पर खोजबीन के बाद बैटरियां नहीं मिलने पर मामले की शिकायत थाना जूटमिल में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 55/2026 धारा 303(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र का रहने वाला ननकी निषाद उर्फ चिल्ली चोरी की बैटरियां बेचने के लिए ट्रक चालकों से संपर्क कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्टनगर पुलिस सहायता केंद्र के पास घेराबंदी कर संदेही ननकी निषाद उर्फ चिल्ली को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी मिथलेश महतो के साथ मिलकर ट्रक से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की गई बैटरियां मिथलेश महतो के घर में छिपाकर रखी गई हैं।

पुलिस टीम ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर बताए गए स्थान पर दबिश देकर चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कर लीं। मुख्य आरोपी ननकी निषाद उर्फ चिल्ली पेशे से ड्राइवर है, जबकि सह आरोपी मिथलेश महतो के विरुद्ध थाना जूटमिल में हत्या, आगजनी, आबकारी और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा रायगढ़ पुलिस ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखे हुए है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी तथा आरक्षक जितेश्वर चौहान और सुरेंद्र बंशी की सराहनीय भूमिका रही।

Share This Article