Vedant Samachar

कलेक्ट्रेट परिसर में व्यवस्थित होगी पार्किंग अलग-अलग 6 जोन बनाए गए, सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़ ,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में अब व्यवस्थित पार्किंग स्थल होगा। इसके लिए नई पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। अलग-अलग 6 जोन में स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें अधिकारी-कर्मचारी और कलेक्ट्रेट आने वाले लोग निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में अव्यवस्था न फैले। कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोग पहले कहीं भी गाड़ियां खड़ी कर देते थे। जिस कारण बाकी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

ऐसे में अब परिसर में वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने नई पार्किंग व्यवस्था लागू की है। अपर कलेक्टर की तरफ से जारी सूचना के अनुसार, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग 6 पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं। जारी निर्देशानुसार सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। साथ ही पार्किंग ठेकेदार को भी निर्देश दिया गया है कि परिसर में आने वाले सभी वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाए।

6 जोन में पार्किंग स्थल निर्धारित

यहां कर्मचारी रखेंगे वाहन

नई व्यवस्था के तहत जिला कोषालय के पीछे पार्किंग-1 में कोषालय, खाद्य, नजरात, एनआईसी, खनिज एवं सांख्यिकी शाखा के कर्मचारी अपने वाहन खड़े करेंगे। जिला कोषालय के सामने बाउंड्री वॉल के पास पार्किंग-2 में शिकायत, राहत-आपदा, डीएमएफ, लोक सेवा केंद्र एवं जनदर्शन शाखा के शासकीय दोपहिया वाहन खड़े किए जाएंगे। निर्मित शेड को पार्किंग-3 के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां वित्त शाखा, अधीक्षक, स्टेनो कक्ष, कलेक्टर न्यायालय, अपर कलेक्टर न्यायालय, कैंप कोर्ट तथा कक्ष क्रमांक 26, 27 और 28 से संबंधित वाहनों की पार्किंग होगी।

निजी वाहन यहां खड़े होंगे

छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के सामने स्थित स्थल को पार्किंग-4 के रूप में निजी चारपहिया वाहनों के लिए आरक्षित किया गया है। सुलभ जन सुविधा केंद्र के सामने पार्किंग-5 में शासकीय और निजी दोपहिया वाहन खड़े किए जाएंगे। इनमें श्रम, ट्राइबल, निर्वाचन, डीएमसी, नजूल, भू-अर्जन, पोस्ट ऑफिस और आबकारी विभाग से संबंधित वाहन शामिल हैं।

नई पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील

पीएनबी एटीएम के सामने पानी टंकी के पास पार्किंग-6 में शासकीय चारपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्किंग ठेकेदार कार्यालयीन कार्य से आने वाले लोगों के वाहनों को पार्किंग क्रमांक 4 और 5 में रखने का दायित्व निभाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधितों से नई पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने की अपील की है, ताकि कलेक्ट्रेट परिसर में यातायात सुचारु बना रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share This Article