तेलंगाना,19 फरवरी। तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के प्रगति नगर इलाके में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां कुंटा अंजैया नामक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका बानोथ पद्मा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और बाद में खुद को भी आग के हवाले कर दिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और जिला मुख्यालय अस्पताल में उनका इलाज जारी है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अंजैया कुरवी मंडल के मोडुगुलागुडेम गांव का निवासी है और महबूबाबाद कृषि मार्केट के सामने दूध की दुकान चलाता था। दो वर्ष पहले पत्नी की मृत्यु के बाद उसका पद्मा से संबंध बना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल के महीनों में अंजैया को पद्मा पर शक होने लगा था और दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
बुधवार को पद्मा अपनी मां के घर प्रगति नगर आई थी, जिसकी जानकारी मिलने पर अंजैया पेट्रोल की बोतल लेकर वहां पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें पद्मा ने कथित तौर पर कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और आगे कोई संबंध नहीं रखना चाहती। इसी के बाद गुस्से में अंजैया ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पद्मा विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं, जबकि अंजैया के भी तीन बच्चे बताए जा रहे हैं।
