कोरबा ,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले में डीजल चोरी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर से सटे गोपालपुर इलाके का है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने बीती रात एक ट्रेलर का लॉक तोड़कर करीब 200 लीटर डीजल लूट लिया। यह वारदात दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर (आईओसीएल) के पास मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे की है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर में सवार चालक और हेल्पर खाना खाकर आराम कर रहे थे। तभी एक सफेद रंग की काली पट्टी वाली स्कॉर्पियो मौके पर आकर रुकी।
गाड़ी से करीब पांच हथियारबंद लोग उतरे और ट्रेलर के डीजल टैंक को सब्बल से तोड़ने लगे। शोर सुनकर जागे चालक ने जब विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने टैंक से डीजल निकाला और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरा-सहमा चालक रात में थाने जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में जब उसने अपने मालिक को घटना की जानकारी दी तो उसने रिपोर्ट दर्ज कराने की बजाय काम पर ध्यान देने को कहा। ड्राइवर ने इस पूरी घटना को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में देखने का प्रयास किया।
गोपालपुर स्थित एक धर्मकांटे में लगे कैमरे में एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो की गतिविधि कैद हुई है, जिसके बारे में चालक का दावा है कि यह वही गाड़ी है। चालक ने अपने मोबाइल से टैंक का टूटा हुआ ढक्कन भी वीडियो बना लिया है। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में शामिल अन्य वाहनों से भी उसी रात डीजल चोरी हुआ है। यह भी संदेह है कि अपराध में इस्तेमाल स्कॉर्पियो का नंबर फर्जी हो सकता है। फिलहाल इस मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन इस घटना न एक बार फिर कोरबा में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
