Vedant Samachar

CG NEWS : प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी 12वीं की छात्रा फिर अचानक ने उठाया ये खौफनाक कदम…

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के लछनपुर गांव में 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा रजनी प्रधान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा ने यह कदम उस समय उठाया जब वह अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी खुद प्रेमी ने पुलिस को दी।

हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी और उसके माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। जब वे काम से लौटे तो घर के कमरे में बेटी को पंखे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और तत्काल आसपास के लोगों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जांजगीर सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले छात्रा अपने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रही थी। पुलिस मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि बातचीत के दौरान की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें। फिलहाल पुलिस पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, मानसिक तनाव या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Share This Article