Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 2 चैन माउंटेन मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,18 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम के जरिए बड़ी जब्ती की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर दो चैन माउंटेन मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार तहसील बम्हनीडीह के अंतर्गत ग्राम खपरीडीह और तहसील पामगढ़ के ग्राम देवरघटा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ग्राम खपरीडीह में अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन पकड़ी गई। वहीं ग्राम देवरघटा में एक अन्य चैन माउंटेन मशीन और तीन ट्रैक्टर अवैध उत्खनन कार्य में संलग्न पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही नियमानुसार जब्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। जिला प्रशासन ने अवैध खनन गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त अभियान जारी रहेगा।

Share This Article