कोरबा ,18 फरवरी(वेदांत समाचार)।कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर आईटीआई बस्ती में एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र उज्जवल डनसेना (17) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
उज्जवल कॉमर्स विषय का छात्र और क्लास मॉनिटर था, बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेंट जेवियर स्कूल में फिजिकल एजुकेशन का पेपर देने नहीं पहुंचा। जब वह परीक्षा में अनुपस्थित रहा, तो स्कूल के कुछ शिक्षक उसके घर पहुंचे।

घर का दरवाजा अंदर से बंद था और तेज आवाज में टीवी-गाने चल रहे थे। खिड़की से देखने पर उज्जवल का शव पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो अंग्रेजी में लिखा गया है। सुसाइड नोट में उज्जवल ने अपनी मौत के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा व्यक्त की है। बताया जा रहा है कि उज्जवल के माता-पिता का निधन हो चुका था। वह अपनी बहन डिंपी डनसेना और जीजा इंद्र के साथ रहता था। उसकी बहन डिंपी गोपालपुर शिक्षा स्कूल में शिक्षिका हैं।
फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
