Vedant Samachar

कोरबा के तालाब में मिला बुजुर्ग का शव, डूबने से मौत की आशंका

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,18 फरवरी(वेदांत समाचार) । जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई में आज बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव गांव के तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय बुद्धू राम मैत्री रोज की तरह सुबह घर से दातून करने और टहलने के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह की दिनचर्या पूरी कर थोड़ी ही देर में वापस लौट आते थे, लेकिन बुधवार को काफी समय बीत जाने के बाद भी घर नहीं पहुंचे। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान गांव के तालाब में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान बुद्धू राम मैत्री के रूप में हुई। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

Share This Article