सुकमा,18 फरवरी(वेदांत समाचार) । कलेक्टर अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में सभी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर प्रशासनिक कसावट का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय छोड़ने से पूर्व अनिवार्य रूप से सूचना देना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। संस्थागत प्रसव और टीकाकरण को शत-प्रतिशत करने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पूरक पोषक आहार उपलब्ध कराने, मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं पुस्तकालय निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा धीमी प्रगति वाले निर्माण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। बैठक में कंट्रोल रूम, सेवा एक्सप्रेस और धान खरीदी की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
टीएल जनदर्शन में लम्बित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने, ई-ऑफिस में ऑनबोर्ड होने तथा शिविरों के माध्यम से आधार, आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
