Vedant Samachar

नवागढ़ क्षेत्र में मंदिर की मूर्तियां खंडित करने का मामला, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,17 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शिव मंदिर की मूर्तियों को खंडित करने का आरोप है। पुलिस ने उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरताल स्थित शिव मंदिर में मूर्तियां खंडित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

जांच और पूछताछ के दौरान खैरताल निवासी शेख अनवर उर्फ छोटा फोन (30 वर्ष) पर संदेह हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में मूर्तियां तोड़ने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम में उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article