Vedant Samachar

कोरबा में गोबर गैस टंकी में मिला 2 वर्षीय बच्चे का शव, जांच में जुटी पुलिस

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,17 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दो वर्षीय मासूम बच्चे का शव घर के पास बने गोबर गैस प्लांट की टंकी में मिला है। बच्चे के शव मिलने से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बच्चे के माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में तमिलनाडु में काम करने गए हुए हैं। उनका दो वर्षीय बेटा हर्ष गांव में अपने दादा-दादी के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चा गत दिवस दोपहर करीब 2 बजे से लापता था। परिजन और आसपास के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

तलाश के दौरान आज अलसुबह घर के पास स्थित गोबर गैस प्लांट की टंकी में बच्चे का शव दिखाई दिया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि घटना दुर्घटना है या अन्य कोई कारण।

घटना की जानकारी बच्चे के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा लौट रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article