Vedant Samachar

भक्ति और संस्कृति के संगम ‘पाली महोत्सव’ का भव्य समापन

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा, 16 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाली में आयोजित दो दिवसीय ‘पाली महोत्सव’ का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिकों की उपस्थिति से पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि पाली महोत्सव कोरबा जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी परिचायक है। महोत्सव के दौरान पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती एवं दीपोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है। प्रदेश में विकास कार्यों के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट की घोषणा

समारोह के दौरान मंत्री देवांगन ने पाली क्षेत्र के विकास हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पाली शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण तथा मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आवागमन सुगम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल पर्व नहीं, बल्कि आत्मबल और धैर्य का संदेश है। भगवान शिव की आराधना व्यक्ति को विकारों से दूर कर नई चेतना प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का कार्य करते हैं।

पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने पाली की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। यहां कोयला और लिथियम भंडार के साथ औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने महोत्सव को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का सशक्त प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि शासन के मार्गदर्शन में पाली की धार्मिक पहचान को सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी है।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, मोहित राम केरकेट्टा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैकरा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम रोहित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

महोत्सव में स्थानीय, प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति, संस्कृति और विकास के संदेश के साथ ‘पाली महोत्सव’ का यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

Share This Article