Vedant Samachar

एसईसीएल मुख्यालय में कंज्यूमर मीट: गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर रहेगा विशेष फोकस

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 16 फरवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में कोयला उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कंज्यूमर मीट का आयोजन किया गया। बिलासपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सीएमडी हरीश दुहन ने की। बैठक में बड़ी संख्या में उपभोक्ता और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) रमेश चंद्र महापात्र भी मौजूद रहे।

सीएमडी हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा कि टीम एसईसीएल अब “गुणवत्ता सर्वोपरि” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। कंपनी का उद्देश्य केवल अधिक कोयला उत्पादन नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाला, भरोसेमंद और समयबद्ध कोयला उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुणवत्ता नियंत्रण, पारदर्शिता, तकनीकी उन्नयन और बेहतर समन्वय के माध्यम से उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और उद्योगों की ऊर्जा जरूरतों की विश्वसनीय पूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने “Production with Purity, Dispatch with Quality” का मंत्र दोहराते हुए कहा कि उत्पादन से लेकर डिस्पैच तक हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिक लक्ष्य है।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक (खनन/विक्रय) अजीत चौधरी ने प्रेजेंटेशन के जरिए उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन और उपभोक्ता सेवाओं से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उपभोक्ताओं ने कोयला मूल्य वापसी, बैंक गारंटी, गुणवत्ता आपूर्ति सहित अन्य परिचालन विषयों पर सवाल और सुझाव रखे, जिन पर सीएमडी ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में महाप्रबंधक (गुणवत्ता) संजीव निगम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article