बिलासपुर ,16 फरवरी(वेदांत समाचार)। न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना अंतर्गत मन्नाडोल इलाके में सोमवार को एक ऐसी घटना सामने आई जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक युवक ने अपने ही 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी वारदात के बाद संदिग्ध हालत में गांव में घूम रहा था।
मामला मन्नाडोल क्षेत्र का है, जहां सुबह लोगों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो भीतर उसके बुजुर्ग पिता मृत अवस्था में मिले। मृतक की पहचान 70 वर्षीय मनराखन ध्रुव के रूप में हुई है, जबकि घटना के लिए उनके बेटे नीतू ध्रुव को जिम्मेदार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान और क्षेत्रवासियों से मिली जानकारी में पता चला कि आरोपी लंबे समय से मानसिक रूप से असामान्य व्यवहार करता था। अक्सर घर में तनाव की स्थिति बनी रहती थी।घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। आसपास के लोगों का कहना है कि ऐसी घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच प्रक्रिया तेज कर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और विस्तृत विवेचना जारी है।
