रायपुर,16 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंज थाना क्षेत्र से होंडा एक्टिवा चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है। कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अजय कुमार साहू, निवासी साहूपारा फाफाडीह गंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जनवरी 2026 को उन्होंने अपनी होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 04 LM 6817 को गंज क्षेत्र स्थित अरिहंत कॉम्पलेक्स की पार्किंग में खड़ा किया था। दुकान से वापस लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी कर ले जाने पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 47/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए गए। जांच के दौरान संदेह के आधार पर देवेन्द्र नागेश उर्फ राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने एक्टिवा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की होंडा एक्टिवा, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त कर ली है। आरोपी देवेन्द्र नागेश उर्फ राहुल (25 वर्ष) शीतला कॉलोनी, शिव मंदिर के सामने, झंडा चौक, सिविल लाइन क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
