रायपुर,16 फरवरी(वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ सरकार का वार्षिक बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसकी जानकारी राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और अगले ही दिन 24 फरवरी को बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार का बजट विजन 2047 को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है और पूर्व के “ज्ञान-गति” थीम के बाद इस वर्ष भी एक नया थीम सामने लाया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि बजट का फोकस महिलाओं, युवाओं और किसानों पर विशेष रूप से रहेगा। सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखकर प्रावधान कर रही है, ताकि जनहितकारी योजनाओं को मजबूती मिले और प्रदेश के समग्र विकास को गति दी जा सके। उन्होंने संकेत दिए कि बजट में विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। संबोधन में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया जाएगा।
बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदन में रखेगी। साथ ही विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगामी बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट पर विशेष जोर रहेगा। छोटे और मंझोले शहरों में खेल मैदानों के विकास और यातायात सुधार के लिए रिंग रोड निर्माण जैसे प्रावधान शामिल किए जा सकते हैं। नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा नगर पंचायत पखांजूर में खेल परिसर की स्थापना, दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण और दुर्ग की पहली बटालियन में बने इंडोर स्टेडियम के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए बजट प्रावधान की तैयारी है। सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए भी राशि रखे जाने की संभावना जताई जा रही है।
