Vedant Samachar

बिलासपुर में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई, नशे में ड्राइविंग के 450 से अधिक और बिना हेलमेट 1300 से ज्यादा चालान

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 15 फरवरी (वेदांत समाचार)। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की है। विशेष चेकिंग अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक चालकों तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से ज्यादा लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही आईटीएमएस प्रणाली के जरिए 7500 से अधिक ऑनलाइन चालान भी जारी किए गए हैं।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे और अन्य पर्यवेक्षण अधिकारियों की निगरानी में की गई। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी माह से अब तक चलाए गए अभियान में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 450 से अधिक मामलों में कार्रवाई कर सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं, जहां संबंधित वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाया गया है। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से अधिक चालकों पर चालानी कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला गया है।

अभियान के दौरान बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, तेज और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग, गलत नंबर प्लेट, गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इन लापरवाहियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।

यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा भी की है, जिसमें पाया गया कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं और अन्य लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

Share This Article