रायपुर,15 फरवरी(वेदांत समाचार) । पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डिप्टी पुलिस कमिश्नर विकास कुमार (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देशन में पुलिस लाइन रायपुर के परेड ग्राउंड में वीआईपी और अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगे पुलिस जवानों और वाहन चालकों को विशेष ब्रीफिंग दी गई। कार्यक्रम में सुरक्षा, वाहन रखरखाव और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात नियमों के सख्त पालन के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस डिप्टी कमिश्नर दौलतराम पोर्ते तथा सहायक पुलिस कमिश्नर लाइन नीलेश द्विवेदी ने जवानों को वीआईपी सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल विस्तार से समझाए। ड्यूटी के दौरान बेहतर टर्नआउट, आर्म्स की सुरक्षित हैंडलिंग, एस्कॉर्ट वाहनों की नियमित जांच और रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी ट्रैफिक सिग्नल का पूर्ण पालन अनिवार्य होगा। रेड सिग्नल पर वाहन रोकना और ज़ेब्रा क्रॉसिंग से पहले वाहन खड़ा करना जरूरी बताया गया। अस्पताल, न्यायालय और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में सायरन और हार्न का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। यह भी कहा गया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान अनावश्यक सायरन का प्रयोग नहीं किया जाए, क्योंकि तेज आवाज से आम नागरिकों को परेशानी होती है।
सुरक्षा एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान वाहन से हाथ, डंडा या लाठी बाहर निकालकर संकेत देने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका रहती है। सभी जवानों और चालकों को चेताया गया कि वीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यातायात संकेतकों व नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम में वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात लगभग 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और 30 वाहन चालक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी को विभागीय दायित्वों का ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
