रायपुर,15 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 किलो से अधिक गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, दो लाख रुपये नगद, दो मोबाइल फोन तथा एक कार जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख 67 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28 वर्ष), निवासी धमतरी तथा हिमांशु दामले (31 वर्ष), निवासी मोहला-मानपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में रखा 50 किलो 94 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 20(सी) एवं 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा गांजा तस्करी के 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 125.658 किलोग्राम गांजा, 2.04 लाख रुपये नगद, दो चारपहिया वाहन एवं पांच मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों तक पहुंचने की कार्रवाई कर रही है।
