Vedant Samachar

रायपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई : 2 किलो 583 ग्राम मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 14 फरवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 583 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 1,29,150 रुपये आंकी गई है। मामले में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 को खमतराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश ग्रहकार उर्फ मलिंगा, पिता मुकुंद ग्रहकार, उम्र 32 वर्ष, निवासी रावणभाठा थाना मंदिर हसौद तथा वर्तमान पता बीएसयूपी कॉलोनी कोटा थाना सरस्वती नगर रायपुर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले बैग से 2.583 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article