Vedant Samachar

CIMS अस्पताल परिसर में हो रही बाइक चोरी का खुलासा, 5 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त — खरीददार सहित तीन पर कार्रवाई

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 14 फरवरी (वेदांत समाचार)। बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की 5 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है तथा एक खरीददार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में चल रही थी।

इसी दौरान 27 जनवरी 2026 को सरकंडा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो अपचारी बालक एक एक्टिवा (क्रमांक CG12-AJ-5669) को शराब के नशे में चलाते पकड़े गए। सशक्त एप से वाहन की जांच करने पर वह सिटी कोतवाली थाना में दर्ज चोरी के मामले का निकला। इसके बाद सिटी कोतवाली, सरकंडा थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दोनों बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में 17 वर्षीय अपचारी ने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने जिन वाहनों की चोरी कबूल की, उनमें एक्टिवा CG12-AJ-5669, पल्सर CG10-AB-4435, एचएफ डीलक्स CG10-AG-3732, हीरो होंडा पैशन प्रो CG10-EK-3906 तथा एक काले रंग की बिना नंबर एक्टिवा शामिल है।

आरोपियों ने बताया कि चोरी की हीरो होंडा पैशन प्रो बाइक को उन्होंने अल्ताफ उर्फ मोमिन (उम्र 37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान खमतराई सरकंडा को मात्र 2000 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने खरीददार के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने सभी 5 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर ली हैं। दोनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि एक काले रंग की एक्टिवा नांदघाट दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से चोरी करना भी आरोपियों ने स्वीकार किया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपाय जरूर अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सिटी कोतवाली पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article