Vedant Samachar

राधेय विद्यापीठ में श्रद्धा व संस्कार के साथ मनाया गया मातृ–पितृ पूजन दिवस

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,14 फरवरी(वेदांत समाचार)। राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल के प्रांगण में शनिवार, 14 फरवरी को मातृ–पितृ पूजन दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के समस्त शिक्षक–शिक्षिकाओं की देखरेख में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों से जोड़ना तथा माता–पिता के त्याग, प्रेम और समर्पण के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता–पिता का पुष्पमाला, तिलक एवं आरती के माध्यम से विधिवत पूजन किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय परिसर में पूरे समय श्रद्धा, सम्मान और संस्कार की भावनाओं से ओत–प्रोत वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में बच्चों की भावनात्मक सहभागिता ने अभिभावकों को भी भावुक कर दिया। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और संस्कारों को मजबूत करते हैं।

विद्यालय के समन्वयक योगेश मनहर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं गणमान्यजनों का स्वागत–सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा के साथ–साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का भी विकास हो।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में हर्ष और संतोष का माहौल रहा, वहीं अभिभावकों ने इसे एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

Share This Article