जांजगीर चांपा, 13 फरवरी (वेदांत समाचार)। राहौद बस्ती वार्ड क्रमांक 14 क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। बैंक से नगद रकम निकालकर घर लौट रहे 50 वर्षीय व्यक्ति से दो अज्ञात युवकों ने नगदी से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोपेश्वर कुमार पटेल (50 वर्ष), निवासी राहौद, 13 फरवरी 2026 को एसबीआई बैंक पामगढ़ से ₹2,50,000 नगद निकालने गया था। बताया गया कि यह रकम उसने घरेलू कार्य के लिए ग्राम राहौद निवासी श्याम चंदेल से उधार ली थी, जिसके लिए चेक के माध्यम से बैंक से राशि आहरित की गई।
दोपहर लगभग 1 से 2 बजे के बीच बैंक से रकम निकालने के बाद उसकी मुलाकात बैंक परिसर में परिचित मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई। दोनों साथ में राहौद लौटे। राहौद पहुंचने के बाद प्रार्थी ने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल ली और नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर रवाना हो गया।

करीब 2:50 बजे दो तालाब के बीच मार्ग में सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर साइकिल से टंगा नगदी भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रार्थी ने राहौद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
