Vedant Samachar

कोंडागांव में मक्का प्लांट पर ग्रामीणों का धावा, वाहनों में तोड़फोड़ के बाद बढ़ा तनाव…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोंडागांव ,13 फरवरी(वेदांत समाचार) । कोंडागांव के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण इकाई में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात बड़ा हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 700 से 800 ग्रामीण एकजुट होकर प्लांट परिसर पहुंचे। शुरुआत में घेराव शांतिपूर्ण था, लेकिन कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई।

आक्रोशित ग्रामीणों ने परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुई घटना से प्लांट कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि शुरुआती दौर में पुलिस बल को भी अंदर प्रवेश करने में कठिनाई हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी, एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और अतिरिक्त बल बुलाकर हालात को काबू में किया।

फिलहाल प्लांट के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और इलाके में लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है और पैदावार में गिरावट आई है। बदबू और गंदगी के कारण आसपास के लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। पशुओं के चारे और पानी पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है। स्थानीय किसानों का दावा है कि वे कई महीनों से प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को शिकायतें दे रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के बाद भी समाधान नहीं निकला, जिससे असंतोष बढ़ता गया और अंततः यह घटना हुई।

हालांकि, प्लांट से प्रदूषण फैलने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Share This Article