जेएसडब्ल्यू मोटर इंडिया ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई फ्लैगशिप एसयूवी, एमजी मैजेस्टर को पेश किया है. ग्लॉस्टर की जगह आने वाली नई SUV मैजेस्टर को पहली बार ऑटो एक्सपो 2025 में दिखाया गया था.लेकिन इस लॉन्च से इसके डिजाइन और फीचर्स की पूरी जानकारी मिलती है कीमत की घोषणा अप्रैल 2026 में की जाएगी और डिलीवरी मई में शुरू होने की उम्मीद है. चलिए आपको बताते हैं डिजाइन, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन के मामले में मैजेस्टर ग्लॉस्टर से कितनी अलग है.
Majestor vs Gloster: फ्रंट डिजाइन
ग्लॉस्टर की शहरी शैली के मुकाबले मैजेस्टर का फ्रंट फेसिया ज्यादा मजबूत है. इसमें स्प्लिट हेडलाइट सेटअप है, जिसमें बंपर पर लगे एलईडी यूनिट्स हैं, साथ ही ग्रिल में एलईडी डीआरएल्स भी इंटीग्रेटेड हैं. ग्रिल में डिटेलिंग के साथ क्रोम का टच दिया गया है, जबकि बंपर पर हेवी क्लैडिंग है. ग्लॉस्टर के क्रोम- डिजाइन के विपरीत, मैजेस्टर स्पोर्टी लुक के लिए डार्क कलर का इस्तेमाल करता है.
Majestor vs Gloster: रियर स्टाइलिंग
पीछे की तरफ, मैजेस्टर में कनेक्टेड एलईडी टेल-लैंप्स दिए गए हैं, जो ग्लोस्टर के अलग-अलग यूनिट्स की जगह लेते हैं. एमजी बैज की जगह “मॉरिस गैराज” लिखा गया है और बंपर पर अतिरिक्त क्लैडिंग लगाई गई है. ग्लोस्टर के क्वाड एग्जॉस्ट सेटअप की जगह डुअल एग्जॉस्ट टिप्स दिए गए हैं. डाइमेंशन के हिसाब से, मैजेस्टर चौड़ाई और ऊंचाई में थोड़ी बड़ी है, हालांकि दोनों एसयूवी का व्हीलबेस समान है.
Majestor vs Gloster: साइड प्रोफाइल
इसका बाहरी रूप तो जाना-पहचाना ही है, लेकिन मैजेस्टर में नए सिरे से डिजाइन किए गए 19-इंच के अलॉय व्हील और काले रंग के व्हील आर्च और सिल्स लगाए गए हैं, जो इसके मजबूत लुक को और भी निखारते हैं.
Majestor vs Gloster: इंटीरियर और फीचर्स
अंदर से, मैजेस्टर में सिंगल-टोन ब्लैक थीम और सिल्वर हाइलाइट्स के साथ एक नया केबिन लेआउट दिया गया है, जो ग्लोस्टर के ब्लैक-ब्राउन फिनिश से बिल्कुल अलग है. इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पूरी तरह से डिजिटल 12.3 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. ए-पिलर और सेंटर कंसोल पर ग्रैब हैंडल सुविधा बढ़ाते हैं, जबकि गियर लीवर को स्टीयरिंग कॉलम पर शिफ्ट कर दिया गया है. सीटिंग ऑप्शन अभी भी उपलब्ध हैं, जिसमें 6 और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन शामिल हैं.
Majestor vs Gloster: इंजन और प्रदर्शन
इंजन की बात करें तो, मैजेस्टर में ग्लोस्टर का 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन बरकरार रखा गया है, लेकिन इसे और भी बेहतर बनाया गया है, जो 215 हॉर्सपावर और 478 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. ये 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है और 4×2 और 4×4 दोनों लेआउट में उपलब्ध है. वहीं, ग्लोस्टर में 161 हॉर्सपावर और 374 एनएम का टॉर्क जनरेट करने वाला कम स्पेसिफिकेशन वाला 2.0-लीटर टर्बो-डीजल वेरिएंट भी मिलता है.
