कोरबा, 12 फरवरी 2026। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने गुरुवार को शहरी क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिव नगर रूमगरा, चारपारा कोहड़िया और गेरवाघाट स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तथा ओपीडी और आईपीडी की स्थिति का अवलोकन किया। इसके साथ ही प्रसव कक्ष, पीएनसी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष और वैक्सीनेशन कक्ष का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की स्थिति और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित कर्मचारियों को सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, समयबद्ध सेवा और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
