कोरबा, 12 फरवरी 2026। गेवरा क्षेत्र/परियोजना में गुरुवार को संयुक्त यूनियन HMS, AITUC, INTUC एवं CITU के आह्वान पर मजदूर विरोधी बताए जा रहे लेबर कोर्ट के निर्णय के खिलाफ एक दिवसीय हड़ताल की गई। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार हड़ताल पूर्णतः सफल रही और श्रमिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी दर्ज कराई।
यूनियनों ने दावा किया कि प्रथम पाली में उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा, वहीं द्वितीय पाली में भी लगभग 90 प्रतिशत श्रमिकों ने काम का बहिष्कार किया। हड़ताल के दौरान परियोजना क्षेत्र में श्रमिकों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

संयुक्त मंच के नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन श्रमिक हितों की रक्षा के लिए किया गया है। उनका आरोप है कि हालिया लेबर कोर्ट का निर्णय मजदूरों के अधिकारों के प्रतिकूल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हड़ताल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई तथा श्रमिकों ने अनुशासन के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। यूनियन प्रतिनिधियों ने श्रमिकों की एकजुटता, साहस और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मजदूर एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
उधर, प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।
