जशपुर,12 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के रौनी घाटी के पास तेज रफ्तार हाईवा और यात्री बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, यात्री बस बगीचा से कुसमी की ओर जा रही थी। इसी दौरान रौनी घाटी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
