कोरबा,12 फरवरी (वेदांत समाचार) । कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में एनटीपीसी के दो डीजीएम अधिकारियों, रंजन कुमार श्रीवास्तव और जीवराज जाट के सरकारी आवासों में चोरी हो गई। यह घटना 11 फरवरी की रात की है, जब दोनों अधिकारी अपने परिवारों के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। अज्ञात चोरों ने उनके घरों को निशाना बनाया और कीमती सामान चुरा लिया। अगली सुबह जब पड़ोसियों ने घरों के ताले टूटे देखे, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। डीजीएम जीवराज जाट का परिवार दो दिन पहले अपनी बेटी की शादी के लिए राजस्थान गया हुआ है।
पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी। जाट ने बताया कि चोरी हुए सामान और उसकी कीमत का सही आकलन उनके वापस आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने उनके कमरे को सुरक्षित कर दिया है। वहीं, दूसरे डीजीएम रंजन श्रीवास्तव का परिवार तीर्थ यात्रा पर निकला था। उन्हें भी चोरी की सूचना दी गई है और वे वापस लौट रहे हैं। उनके घर से क्या-क्या चोरी हुआ है, यह उनके आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। रंजन श्रीवास्तव डी/109 और जीवराज जाट डी/108 में निवास करते हैं।
दोनों एनटीपीसी में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, उनके घरों से लाखों रुपए की चोरी होने की आशंका है। चोरों ने घरों के भीतर सामान को भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर नुकसान पहुंचाया। एनटीपीसी कॉलोनी में सुरक्षा के लिए कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरी की इस घटना को अंजाम दिया गया। चोरों की करतूत एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
