कोरबा,12 फरवरी(वेदांत समाचार)। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला गेवरा बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में 10 फरवरी को विद्यालय का वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं पालकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद तेज प्रताप सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद श्रवण कुमार यादव, पार्षद इंद्रजीत बिंझवार, विधायक प्रतिनिधि संतोष राठौड़, पार्षद प्यारेलाल दिवाकर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ शिक्षक श्री डी.डी. साहू एवं पालकगण शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का शाला परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन में संस्था की प्रधान पाठक श्रीमती मंजू कुजूर ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने मनमोहक एवं विविध प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों का मार्गदर्शन प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती ईश्वरी तिवारी एवं सुश्री सानिया कुर्रे ने किया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को पार्षद श्रवण कुमार यादव एवं इंद्रजीत बिंझवार के सौजन्य से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती जया वैष्णव एवं मृगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजेश्वरी पांडे द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के साथ पार्षद तेज प्रताप सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि संतोष राठौड़ का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती स्वाति मिश्रा, भृत्य अभय कुमार यादव एवं स्व सहायता समूह के सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
