बालको,12 फरवरी(वेदांत समाचार)। एमजीएम स्कूल, बालको में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भावनात्मक क्षणों के साथ उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के तिलक एवं आरती के साथ स्वागत से हुई। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य फादर सनी जॉन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जस्सू जोसेफ (एमडी, डेंटिस्ट) एवं खुशबू बर्मन (सर्जन, 100 बेड मेडिकल कॉलेज, कोरबा) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कमलिनी तथा सुमो जोसफ भी मंचासीन रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया।

विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया तथा विद्यार्थियों को विविध उपाधियों से सम्मानित किया गया। मिस्टर एमजीएम का खिताब सोम थवाईत, मिस एमजीएम श्रेया थवाईत, ऑलराउंडर आयुषी मेजरवार, मोस्ट डिसिप्लिन प्रियंका ठाकुर, स्मार्टली ड्रेस्ड वेदांत यादव तथा ऋषिका सिंह को प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी तथा अपने जीवन अनुभव साझा किए। उल्लेखनीय है कि दोनों मुख्य अतिथि इसी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं।

अंत में प्राचार्य फादर सनी जॉन ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन भावुक क्षणों के साथ हुआ।
