नई दिल्ली,12फरवरी : अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी पर जुर्माना लगा है. ये जुर्माना उन पर अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच हुए मुकाबले के बाद लगाया गया. 11 फरवरी को खेले रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को सुपर ओवर में हराया था. मगर उस मुकाबले के दौरान की एक गलती के चलते मोहम्मद नबी पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.
मोहम्मद नबी पर क्यों लगा जुर्माना?
मोहम्मद नबी को ICC ने अपनी आचार संहिता की धारा 2.4 के उल्लंघन का दोषी पाया है, जो कि इंटरनेशनल मैचों के दौरान अंपायर के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित है. अफगान ऑलराउंडर ने ऐसा साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच दौरान अपनी टीम की इनिंग के 14वें ओवर में किया था. मोहम्मद नबी तब साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के बैंड पहनने की शिकायत को लेकर अंपायर से उलझ गए थे.
अफगानिस्तान-साउथ अफ्रीका मैच का हुआ रोमांचक अंत
साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले की बात करें तो वो काफी रोमांचक रहा. इस मैच का फैसला एक नहीं बल्कि दो सुपर ओवर के बाद हुआ. T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब एक ही मैच में दो सुपर ओवर देखने को मिले थे.
पहले मैच टाई हुआ क्योंकि दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए. फिर उसके बाद साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच का पहला सुपर ओवर भी टाई हो गया. पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों का स्कोर 17-17 रन रहा. मैच का फैसला दूसरे सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ, जहां साउथ अफ्रीका की जीत हुई.
साउथ अफ्रीका की हार ने अफगानिस्तान को दिया झटका
अफगानिस्तान के लिए ये मैच बेहद अहम था. मगर एक और हार ने उसके सुपर-8 में पहुंचने के अरमानों को धूमिल कर दिया है. साउथ अफ्रीका की ये 2 मैचों में लगातार दूसरी जीत रही. ये दोनों टीमें टूर्नामेंट के ग्रुप D में हैं, जिसके पॉइंट्स टेबल में फिलहाल न्यूजीलैंड टॉप पर है. वहीं साउथ अफ्रीका दूसरे नंबर पर.
