कोटा-भीलवाड़ा ,12 फरवरी : नेशनल हाईवे-27 पर बाइक सवार परिवार को ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में 2 भाई, एक बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पिता गंभीर रूप से घायल हैं। घटना बुधवार रात करीब पौने नौ बजे बूंदी के डाबी इलाके में हुआ। उधर, एक्सीडेंट के बाद परिवार वालों के साथ भीड़ जुट गई। लोगों ने हाईवे जाम कर दिया।
बच्चों को डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे
डाबी थाने के SHO हेमराज शर्मा ने बताया- मदन बंजारा अपनी बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण (बहादुर का बेटा) के साथ पराणा गांव से डाबी की ओर जा रहे थे। इनमें से कोई एक बीमार था। उसी को डॉक्टर को दिखाने के लिए घर से निकले थे। एक ही बाइक पर चारों लोग सवार थे। इसी दौरान डाबी थाना क्षेत्र में दुधी कुड़ी कट पर बिजोलिया (भीलवाड़ा) की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दूर तक घसीट ले गया ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में 8 से 10 साल आयु के तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई मदन बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से तत्काल कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। डाबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
शव उठाने से इनकार किया
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने हाईवे को जाम कर दिया। डाबी थाना पुलिस पहुंची। लोग मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे और शवों को उठाने से इनकार कर दिया।
